Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची में बढ़ती उमस और लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन में तेज गर्मी और रात में बार-बार बिजली जाने से लोग राहत पाने के लिए अब इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार का रुख कर रहे हैं। शहर के बाजारों में इन दिनों एसी, कूलर, पंखे, इनवर्टर और बैटरियों की बिक्री में अचानक तेजी आई है। दुकानदारों के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में ग्राहकों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। खासकर गर्मी और पावर कट से परेशान लोग अब लंबे समय तक राहत देने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर ज्यादा खर्च कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें :झारखंड में अगले 5 दिन बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में बढ़ी भीड़
रांची के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा मांग एसी और इनवर्टर की है। दुकानदारों का कहना है कि पहले लोग बजट के हिसाब से खरीदारी करते थे, लेकिन अब बिजली बचाने वाले और टिकाऊ प्रोडक्ट्स को प्राथमिकता दे रहे हैं। अदित्य विजन स्टोर के मैनेजर आनंद के अनुसार उनके यहां रोजाना 15 से 20 एसी की बिक्री हो रही है। पहले जहां ग्राहक तीन-स्टार एसी पसंद करते थे, वहीं अब पांच-स्टार और ऊर्जा-कुशल मॉडल की मांग तेजी से बढ़ी है। ग्राहकों का फोकस अब बेहतर कूलिंग, कम बिजली खपत और अच्छी सर्विस पर है।
35 से 40 हजार रुपये वाले एसी की सबसे ज्यादा मांग
बाजार में 35 हजार से 40 हजार रुपये तक के एसी मॉडल सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। ग्राहक ऐसे मॉडल चुन रहे हैं जिनमें बेहतर कूलिंग के साथ बिजली की खपत कम हो। दुकानदारों का कहना है कि इस बार लोग सस्ते विकल्प के बजाय लंबे समय तक चलने वाले ब्रांडेड प्रोडक्ट्स खरीदना पसंद कर रहे हैं। लगातार बिजली कटौती का असर इनवर्टर और बैटरी बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दुकानदारों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में इनवर्टर और ट्यूबलर बैटरियों की बिक्री दोगुनी हो गई है। अधिकतर ग्राहक 200 से 250 एम्पीयर क्षमता वाले इनवर्टर और बैटरी सेट खरीद रहे हैं। ये सेट 10 से 20 घंटे तक बैकअप देने में सक्षम हैं, इसलिए घरों के साथ छोटे कारोबारी और ऑफिस संचालक भी इन्हें खरीद रहे हैं। बाजार में इन सेट्स की कीमत लगभग 19 हजार से 20 हजार रुपये तक है।
पंखे और कूलर की बिक्री में भी उछाल
कोकर स्थित ग्रेट वाइट इलेक्ट्रॉनिक्स के कैलाश कुमार ने बताया कि पंखों और कूलरों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। मिडिल क्लास परिवारों से लेकर छोटे दुकानदार तक टेबल फैन और स्टैंड फैन खरीद रहे हैं। बढ़ती मांग के कारण कुछ मॉडलों की कीमत में करीब 200 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। ग्राहक ऐसे फैन और कूलर तलाश रहे हैं जो कम बिजली खर्च करें और लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन दें। यही वजह है कि ब्रांडेड और ऊर्जा-कुशल प्रोडक्ट्स की बिक्री ज्यादा हो रही है।
Reporter | Samachar Post