Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित इको पार्क में शनिवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को दूसरे युवक के साथ देख लिया। इसके बाद पार्क परिसर में जमकर हंगामा हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के दौरान पार्क में मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें :महाबुआंग थाना में ड्यूटी के दौरान जवान की संदिग्ध मौत, गोली लगने से गई राजू तिर्की की जान
पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर भड़का पति
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक इको पार्क पहुंचा था। वहां उसने अपनी पत्नी को एक दूसरे युवक के साथ बैठे देखा। महिला के साथ एक बच्चा भी मौजूद था। पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर पति अपना आपा खो बैठा और दोनों युवकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट जैसी स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में दोनों युवक एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पति बार-बार कहता दिखाई दिया कि “पत्नी मेरी है, बच्चा मेरा है, फिर दूसरे युवक के साथ पार्क में क्यों घूम रही है?”
सुरक्षा गार्ड और लोगों ने कराया बीच-बचाव
पार्क में मौजूद सुरक्षा गार्ड और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। लोगों की भीड़ जमा होने से कुछ देर के लिए पार्क में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। घटना के दौरान महिला के साथ मौजूद बच्चा काफी डरा-सहमा नजर आया।
सूचना पर पहुंची पुलिस
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने पूरे मामले को लेकर पूछताछ की, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
Reporter | Samachar Post