Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची में अपराध और फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए एक ही रात में 100 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सभी की गिरफ्तारी नॉन बेलेबल वारंट (NBW) मामलों में की गई है। यह विशेष अभियान रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस टीमों ने देर रात तक शहर और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी, आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपी और अदालत के आदेश के बावजूद पेश नहीं होने वाले लोगों को दबोचा गया। पुलिस की इस कार्रवाई से कई इलाकों में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें :देशभर में हीटवेव का कहर, रांची में मौसम सुहान, 7 जून तक मानसून पहुंचने के आसार
पहले से तैयार थी वारंटियों की सूची
जानकारी के मुताबिक, अभियान को सफल बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों और विशेष पुलिस टीमों को लगाया गया था। पुलिस ने पहले से तैयार सूची के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कई आरोपी अपने घरों से गिरफ्तार किए गए, जबकि कुछ पुलिस से बचने के लिए छिपने की कोशिश करते मिले।
फरार आरोपियों पर लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अदालत से जारी नॉन बेलेबल वारंट मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे आरोपियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों में पुलिस का डर कायम रहे। रांची एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों को फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की विशेष कार्रवाई जारी रहेगी।
Reporter | Samachar Post