Samachar Post रिपोर्टर, पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल के आसनसोल रेलपार इलाके में शुक्रवार रात लाउडस्पीकर की आवाज कम कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। घटना के दौरान पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की गई, पथराव हुआ और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देशों के तहत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम रेलपार के जहांगिरी मोहल्ला इलाके में पहुंची थी। पुलिस धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुसार कम कराने की प्रक्रिया में जुटी थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान इलाके में अफवाह फैल गई, जिसके बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।
यह भी पढ़ें: गुमला पहुंचीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कृषि और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने पर दिया जोर
पुलिस चौकी पर हमला, कई वाहन क्षतिग्रस्त
उग्र भीड़ ने जहांगिरी मोहल्ला पुलिस चौकी पर धावा बोल दिया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और चौकी के भीतर घुसकर तोड़फोड़ की। इस दौरान चौकी के बाहर खड़े कई पुलिस वाहनों और मोटरसाइकिलों को नुकसान पहुंचाया गया। कुछ आम नागरिकों की गाड़ियां भी उपद्रवियों के निशाने पर रहीं। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया और बाद में आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया। देर रात तक चली कार्रवाई के बाद इलाके में हालात पर काबू पाया जा सका।
इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात
फिलहाल प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हिंसा और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।