Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :झारखंड के सिमडेगा जिले में शनिवार तड़के दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली गांव में एक युवती की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में रांची के RIMS में उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय जेबा परवीन के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब चार बजे आरोपी युवक घर में घुसा और जेबा परवीन को गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन तुरंत खून से लथपथ हालत में युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची रिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर शिक्षकों का प्रदर्शन, DEO कार्यालय का किया घेराव
शादी का दबाव बना रहा था आरोपी
कोलेबिरा थानेदार के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। थाना प्रभारी हर्ष कुमार ने बताया कि आरोपी युवक युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। हालांकि, युवती और उसके परिवार ने शादी से इनकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से लगातार युवती के घर आ-जा रहा था और शादी करने की बात कह रहा था। जब युवती ने उससे दूरी बनाने और घर आने से मना किया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दे दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद झारखंड पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post