Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार तड़के एक नेपाली होटल में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पास की है, जहां सुबह करीब चार बजे होटल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान होटल में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
यह भी पढ़ें :पोटका में बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स बनेगा मॉडल सुविधा केंद्र, विधायक के निरीक्षण के बाद प्रशासन सक्रिय
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक होटल में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों और इमारतों तक खतरा पहुंच गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
प्रारंभिक आकलन के मुताबिक आगलगी में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
अतिक्रमित जमीन पर चल रहा था होटल
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह नेपाली होटल लंबे समय से अतिक्रमित जमीन पर संचालित हो रहा था और इलाके में काफी लोकप्रिय था। खासकर यहां मिलने वाला मटन लोगों के बीच बेहद मशहूर बताया जाता है। फिलहाल बिष्टुपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Reporter | Samachar Post