Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड के लोगों के लिए पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया अब और आसान होने जा रही है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) रांची ने मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा की शुरुआत की है। इस नई सुविधा के जरिए लोगों को उनके नजदीक ही पासपोर्ट से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल खासकर दूरदराज इलाकों में रहने वाले लोगों, छात्रों, बुजुर्गों और संस्थानों के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है।
मोबाइल वैन में ही पूरी होगी पासपोर्ट प्रक्रिया
यह मोबाइल वैन सिर्फ जागरूकता या सूचना सेवा तक सीमित नहीं होगी। वैन में ही पासपोर्ट आवेदन से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इसमें दस्तावेजों की जांच, बायोमेट्रिक प्रक्रिया और आवेदन संबंधी अन्य औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी हो सकेंगी। यानी जिन इलाकों में यह वैन पहुंचेगी, वहां लोगों को पासपोर्ट सेवा केंद्र जाने की जरूरत काफी कम हो जाएगी। इस सुविधा की सबसे खास बात यह है कि मोबाइल वैन सेवा के लिए आवेदकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।लोगों को सिर्फ सामान्य पासपोर्ट आवेदन शुल्क ही देना होगा। इससे सुविधा बढ़ने के साथ-साथ लोगों पर आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस
छात्रों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को होगा फायदा
मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा से सबसे ज्यादा लाभ उन लोगों को मिलने की उम्मीद है, जो दूरदराज गांवों में रहते हैं या किसी संस्थान में एक साथ बड़ी संख्या में पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं। हाल के दिनों में रांची क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने कैंप आधारित आउटरीच कार्यक्रम भी शुरू किए हैं, जहां मोबाइल वैन के जरिए सामूहिक आवेदन स्वीकार किए गए।
ऑनलाइन आवेदन करना रहेगा जरूरी
पासपोर्ट बनवाने के लिए पहले की तरह ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी। आवेदकों को आधिकारिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जाकर आवेदन भरना होगा, शुल्क जमा करना होगा और जहां उपलब्ध हो, वहां मोबाइल वैन स्लॉट का चयन करना होगा। अब तक लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और अपॉइंटमेंट व दस्तावेज प्रक्रिया में परेशानी होती थी। नई मोबाइल वैन सेवा से यह प्रक्रिया काफी आसान और सुविधाजनक होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।