रांची के अरगोड़ा चौक पर बस पर फायरिंग, एक अपराधी गिरफ्तार, दो फरार

Rupa Kumari | May 13, 2026 | 10:37 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में मंगलवार देर रात अरगोड़ा चौक के पास अपराधियों ने एक बस पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

बस चालक से विवाद के बाद हुई फायरिंग

जानकारी के मुताबिक अरगोड़ा चौक के पास जीवन ज्योति बस खड़ी थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक बस के आसपास संदिग्ध तरीके से घूम रहे थे। बस चालक ने जब उन्हें वहां से हटने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने पिस्टल निकालकर बस की ओर फायरिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि गोली किसी यात्री या चालक को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।

यह भी पढ़ें: गढ़वा में आज ‘कॉफी विद एसडीएम’, नर्सिंग कर्मियों के सुझावों से सुधरेगी स्वास्थ्य व्यवस्था

पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को दबोचा

फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में गश्त कर रही पीसीआर और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही तीनों आरोपी भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर एक अपराधी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी पारस राणा भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

फरार दो आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस पूछताछ के आधार पर फरार दो अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। घटना के बाद अरगोड़ा चौक और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने देर रात खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे अपराधियों पर चिंता जताई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Share this news

संबंधित खबरें