जामताड़ा में भीषण सड़क हादसा, ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर से एक की मौत

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : जामताड़ा के गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान दुधानी गांव निवासी करीब 50 वर्षीय राजा मणि मंडल के रूप में हुई है। वहीं रायडीह गांव निवासी राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर बना हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर बालू से ओवरलोड था और काफी तेज रफ्तार में चल रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पेड़ की डाल पर जा चढ़ा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक राजा मणि मंडल की मौत हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें: प्रिंस खान का वायरल वीडियो: इंस्पेक्टर रणधीर कुमार पर लगाए गंभीर आरोप, पासपोर्ट सत्यापन में 10 लाख लेने का दावा

हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

घटना से नाराज ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और इलाके में अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने की मांग की। हाईवे जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share this news

संबंधित खबरें