Samachar Post रिपोर्टर, रांची :कोयलांचल में आतंक का पर्याय बने प्रिंस खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वीडियो में प्रिंस खान ने 1994 बैच के इंस्पेक्टर रणधीर कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रिंस खान ने दावा किया है कि विदेश भागने से पहले पासपोर्ट सत्यापन कराने के लिए उसने 10 लाख रुपये दिए थे। साथ ही उसने हर महीने एक लाख रुपये देने का भी आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें :चाकुलिया सामूहिक दुष्कर्म मामला: तीन दोषियों को 20-20 साल की सजा, कोर्ट ने लगाया जुर्माना
फेसबुक आईडी से जारी किया गया वीडियो
जानकारी के अनुसार, “कोयलांचल शांति सेना” नाम के फेसबुक अकाउंट से यह वीडियो जारी किया गया है। वीडियो में प्रिंस खान ने झारखंड से विदेश भागने तक की कहानी बताई है और कई चौंकाने वाले दावे किए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले इंस्पेक्टर रणधीर कुमार ने प्रिंस खान के पासपोर्ट सत्यापन कराने के आरोपों से इनकार किया था।
वायरल वीडियो को लेकर बढ़ी चर्चा
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या झारखंड पुलिस मुख्यालय वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की जांच कराएगा। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इंटरपोल और ATS की रडार पर प्रिंस खान
वहीं झारखंड एटीएस भी प्रिंस खान और उसके पूरे नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए है। सूत्रों के मुताबिक, सैफी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद करीब 50 से ज्यादा लोगों की सूची तैयार की गई है, जिनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
पूरे नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी
जानकारी के अनुसार, झारखंड ATS ने पूरे गैंग की प्रोफाइल तैयार कर ली है। धनबाद पुलिस भी लगातार नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ATS इस नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान चला सकती है।
Reporter | Samachar Post