Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित लोआडीह इलाके में मंगलवार को बहते नाले से संदिग्ध शव अवशेष मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद अवशेष को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: बरियातू की बेटियों का बड़ा कमाल : सरकारी स्कूल से निकलकर Team India तक पहुंचीं 3 खिलाड़ी
लापता बच्ची अदिति से जोड़कर देख रहे लोग
स्थानीय लोगों के बीच आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह अवशेष कोकर इलाके से लापता हुई 18 माह की मासूम अदिति का तो नहीं है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में किसी भी तरह की पुष्टि से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना वैज्ञानिक जांच और रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद अवशेष किसी इंसान का है या किसी जानवर का। पुलिस ने अवशेष को जांच के लिए भेज दिया है। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अवशेष किसका है।
अफवाहों से बचने की अपील
घटना के बाद इलाके में अफवाहों का दौर भी तेज हो गया। कुछ लोग इसे लापता बच्ची अदिति के मामले से जोड़ रहे हैं, जबकि कई अन्य तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने और अफवाह फैलाने से बचने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।