जामताड़ा में शादी से लौट रहे दो युवकों का सड़क हादसा, बाइक पिकअप वैन से टकराई

Meenu | May 10, 2026 | 02:30 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा जिले में रविवार को तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। नारायणपुर थाना क्षेत्र के दलदला मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी पिकअप वैन से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

यह भी पढ़ें :देवघर में स्कूल में पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, किताबें और फर्नीचर जलकर राख

शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों युवक

जानकारी के मुताबिक लोहारंग गांव निवासी 22 वर्षीय मंगल हेंब्रम अपने दोस्त 19 वर्षीय दीपक हांसदा के साथ बोरवा गांव में आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दलदला मोड़ के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और सामने खड़ी पिकअप वैन से सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जोरदार था कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने और तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। फिलहाल दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें