Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शनिवार शाम अचानक तेज हवा, गर्जन और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। दिनभर उमस और चिलचिलाती गर्मी से परेशान लोगों ने शाम होते ही मौसम में आए बदलाव का अनुभव किया। कई इलाकों में ठंडी हवाएं चलीं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्यभर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार 10 मई से 15 मई तक झारखंड के अधिकांश जिलों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवा, वज्रपात और गर्जन की चेतावनी भी दी गई है।
आज भी बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर बाद अचानक मौसम बदलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके अलावा गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
रांची समेत कई जिलों में बारिश
शनिवार शाम राजधानी रांची में अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब चार मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को राहत मिली। रांची के अलावा रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, मेदिनीनगर और जमशेदपुर समेत कई जिलों में देर रात तक बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिला।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
मौसम में बदलाव के बीच अलग-अलग जिलों में तापमान में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। शनिवार को सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर बोकारो में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Reporter | Samachar Post