शादी में जा रही बस पलटी, 20 घायल; एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस ने संभाला मोर्चा

Rupa Kumari | May 9, 2026 | 11:18 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के पास दुलमी गांव में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होने जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 20 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार, संकट मोचन बस डोमांडी गांव से कोड़ाडीह गांव जा रही थी। बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान दुलमी गांव के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे जोर-जोर से चीखने लगे। आसपास के ग्रामीण आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। कई घायलों को ग्रामीणों की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी आज लेंगे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ, ब्रिगेड मैदान में भव्य समारोह

एंबुलेंस नहीं पहुंची, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के काफी देर बाद तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में सोनाहातू पुलिस ने खुद मोर्चा संभाला और अपनी गाड़ियों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनाहातू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर कर दिया गया। फिलहाल अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें