Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टूइलाडुंगरी में गुरुवार तड़के एक खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना साईं मोटर्स के सेल-पर्चेस परिसर में हुई, जहां देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें :बोकारो में गैस टैंकर पलटते ही लगी भीषण आग, बाल-बाल टली बड़ी तबाहीगवाई पुल पर हुआ बड़ा हादसा
धुआं उठता देख मौके पर जुटे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह अचानक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। आग की तेज लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत इसकी सूचना गोलमुरी थाना पुलिस तथा दमकल विभाग को दी।
दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। आग इतनी तेज थी कि आसपास खड़े अन्य वाहनों तक इसके फैलने का खतरा बन गया था, लेकिन समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आग लगने की असली वजह सामने आ सके।
बड़ा हादसा टला
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सुबह-सुबह अचानक लगी आग को देखकर लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास खड़े अन्य वाहनों और परिसर को भी भारी नुकसान हो सकता था।
Reporter | Samachar Post