Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र स्थित गवाई पुल पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। करीब 10 बजे एक 16 चक्का गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और कुछ ही देर में उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग का असर आसपास के गांवों तक महसूस किया गया और लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर टैंकर में बड़ा धमाका हो जाता, तो गवाई पुल और आसपास के इलाके में भारी नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें :बिहार कैबिनेट विस्तार: पीएम मोदी की मौजूदगी में मंत्रियों ने ली शपथ, बढ़ी सियासी हलचल
पुलिस और दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन एनएच-32 को दोनों तरफ से बंद कर दिया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने गवाई पुल से करीब आधा किलोमीटर पहले ही वाहनों और लोगों की आवाजाही रोक दी। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
गैस लीक होने से टला बड़ा हादसा
स्थानीय जानकारी के अनुसार, टैंकर पलटने के बाद उसमें से गैस का रिसाव होने लगा, जिससे टैंकर के अंदर का दबाव काफी कम हो गया। माना जा रहा है कि इसी वजह से बड़ा विस्फोट टल गया, वरना स्थिति और भयावह हो सकती थी। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि आग पूरी तरह बुझने तक प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Reporter | Samachar Post