Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में मनोकामना ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। 1 मई 2026 की रात हुई इस घटना में चोर छत काटकर दुकान में घुसे थे और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए थे।
एक आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के लिए पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने महुलिया गांव निवासी 23 वर्षीय मुटुर पाल उर्फ अतिन्द्र पाल को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 22,500 रुपये नकद, एक जोड़ी कान का टॉप, “ॐ” लिखा सोने का लॉकेट और एक की-पैड मोबाइल बरामद किया है। आरोपी ने बताया कि बाकी रकम उसने खर्च कर दी और कुछ पैसे नशे की हालत में खो दिए।
यह भी पढ़ें: JLKM नेता तरुण महतो की कस्टडी में पिटाई मामला: हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
पुराने मामलों का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने नवंबर 2025 में रंका थाना क्षेत्र की एक अन्य दुकान से 50,000 रुपये चोरी करने की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। जहां एक ओर इस छोटे मामले में पुलिस को सफलता मिली है, वहीं तीन महीने पहले हुई 40 लाख रुपये की बड़ी चोरी का मामला अब भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। इस घटना ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई को उजागर किया है, लेकिन बड़ी वारदातों के अनसुलझे रहने से कानून-व्यवस्था पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।