Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के भेलवाखांड़ी गांव में भूमि विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। शनिवार रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले गांव में सड़क मार्ग को लेकर गोतिया पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई और हिंसक रूप ले लिया।
यह भी पढ़ें :गढ़वा के मेराल कैंप में भीषण आग, 100 से अधिक मजदूर बाल-बाल बचे, 2 घायल
इलाज के दौरान हुई मौत
इस घटना में जोखन राम, उनकी पत्नी संतोषी देवी और बेटे नीतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पहले भवनाथपुर CHC में भर्ती कराया गया। जोखन राम की हालत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने कई लोगों को लिया हिरासत में
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, विवाद की जड़ जमीन से होकर गुजरने वाला सड़क निर्माण था। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
Reporter | Samachar Post