Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र स्थित अकलवानी कैंप में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। यह कैंप सड़क निर्माण कार्य कर रही कंपनी का स्टाफ क्वार्टर था, जहां 100 से अधिक मजदूर सो रहे थे। जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक क्वार्टर में शॉर्ट सर्किट से हुई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते चार ब्लॉकों को अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में सोन नदी में नहाने के दौरान नाबालिग की डूबने से मौत
दमकल की कड़ी मशक्कत के बाद काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। एस्बेस्टस शीट और थर्मोकोल की वजह से आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब 100 फीट लंबे चार क्वार्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
दो लोग घायल, हालत खतरे से बाहर
इस हादसे में करीब 100 स्टाफ के कपड़े, नकदी और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गए। कई मजदूरों के पास सिर्फ शरीर पर पहने हुए कपड़े ही बचे हैं। आग बुझाने के दौरान महादेव साह को हाथ-पांव में चोटें आईं, जबकि नेपाल साहू झुलस गए। दोनों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
NHAI प्रोजेक्ट से जुड़ा कैंप
यह कैंप भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के तहत चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य से जुड़ा था, जिसे एक निजी कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा था। फायर ब्रिगेड, पुलिस, कंपनी स्टाफ और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि, इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
Reporter | Samachar Post