Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू में चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के करीबी लोगों पर शिकंजा कसते हुए उसके भाई दिलीप तिवारी को हिरासत में लिया। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें :पांकी CHC में प्रसव के नाम पर अवैध वसूली के आरोप, “पहले पैसा फिर इलाज” का मामला
संभावित ठिकानों पर दबिश जारी
पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने साफ किया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में सभी लाइसेंसी हथियार धारकों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि हथियार धारकों के चरित्र, गतिविधियों और आपराधिक इतिहास की जांच कर रिपोर्ट तैयार करें।
सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वालों पर नजर
पुलिस ने खास तौर पर उन लोगों को चिन्हित करने को कहा है जो सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करते हैं या “भौकाल” बनाने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
हर्ष फायरिंग पर जीरो टॉलरेंस
शादी, पार्टी या किसी भी आयोजन में हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में हथियार जब्त कर लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति अपराधियों के साथ हथियार लेकर घूमता पाया गया, तो उसका लाइसेंस तुरंत निरस्त कर दिया जाएगा। आपराधिक रिकॉर्ड वाले लाइसेंसधारियों की भी समीक्षा की जाएगी।
जिले में मचा हड़कंप
एसपी के सख्त निर्देश के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। कई हथियार धारकों ने अब सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। प्रशासन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था मजबूत करना और हथियारों के दुरुपयोग पर पूरी तरह रोक लगाना है।
Reporter | Samachar Post