Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के मनिटोला में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की मौत को पहले सामान्य मानकर दफना दिया गया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में महिला के शव को कब्र से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) भेज दिया।
यह भी पढ़ें :इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, प्रेमी संग दो बहनें लुधियाना से बरामद; आरोपी गिरफ्तार
बेटी पर साजिश का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे मृतका की सगी बेटी का हाथ हो सकता है। पुलिस के अनुसार, बेटी ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया और बाद में इसे सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की। झारखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेटी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
संपत्ति विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद और आपसी रंजिश जैसे कारण सामने आ रहे हैं, हालांकि पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अब पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज केस का पूरा सच सामने आएगा।
Reporter | Samachar Post