गिरिडीह में 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या, धारदार हथियार से हमला; इलाके में सनसनी

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र स्थित आजाद नगर के चदरा पुल के पास सोमवार देर रात 24 वर्षीय तौफिक अंसारी की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है। मृतक के फुफेरे भाई बब्बन अंसारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे तौफिक के मोबाइल पर उसके एक परिचित का फोन आया था। इसके बाद वह अपने दो दोस्तों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

यह भी पढ़ें: कोडरमा में दर्दनाक हादसा: डीजे वाहन ने बच्चों और बुजुर्ग को कुचला, 10 साल के मासूम की मौत

धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला

आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार से तौफिक पर हमला कर दिया। जान बचाने की कोशिश में वह जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपियों ने उस पर लगातार वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ गए अन्य युवक किसी तरह वहां से भाग निकले और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर तौफिक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि मौत से पहले तौफिक ने हमलावरों के नाम बताए थे, जिसका मोबाइल में रिकॉर्ड भी मौजूद होने का दावा किया गया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पहले उसके पैर में गोली मारी गई, फिर धारदार हथियार से हमला किया गया। हालांकि गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित खबरें