Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। जिला एसपी अमन कुमार ने डीटीओ और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ घाटी का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें :झारखंडवासियों के लिए सुनहरा मौका: 23 हजार में 7 ज्योतिर्लिंग और शिरडी साईं बाबा के दर्शन
अवैध कट बंद करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई जगहों पर अवैध कट और संकेतक बोर्ड की कमी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है। एसपी ने सभी अवैध कटों को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक कट लेने से गंभीर हादसे हो रहे हैं। वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए एडवांस साइन बोर्ड और स्पीड लिमिट बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। घाटी क्षेत्र में स्पष्ट संकेतक और गति नियंत्रण को बेहद जरूरी बताया गया है। इसके अलावा वैध कटों पर लाइनमैन की तैनाती करने को कहा गया है, ताकि ट्रैफिक सुचारू और सुरक्षित रहे।
बॉटल नेक और ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश
जहां सड़क संकरी है या जाम और दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है, ऐसे बॉटल नेक क्षेत्रों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा गया है। जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर लगाने की भी बात कही गई है, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके।
निर्माण क्षेत्रों में धूल नियंत्रण जरूरी
सड़क निर्माण वाले इलाकों में दिन में दो बार पानी का छिड़काव करने का निर्देश दिया गया है। एसपी के अनुसार धूल के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है।
एम्बुलेंस सेवा रहेगी अलर्ट मोड में
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की एम्बुलेंस सेवा को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है। विशेष रूप से एम्बुलेंस चालकों को हर समय तैयार रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके। एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट किया कि दनुआ घाटी राष्ट्रीय राजमार्ग का संवेदनशील हिस्सा है और यहां यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को तय समय सीमा में सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
Reporter | Samachar Post