झारखंडवासियों के लिए सुनहरा मौका: 23 हजार में 7 ज्योतिर्लिंग और शिरडी साईं बाबा के दर्शन

Rupa Kumari | April 26, 2026 | 03:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: धार्मिक यात्रा के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से कम खर्च में सात ज्योतिर्लिंग और शिरडी साईं बाबा के दर्शन कराने जा रहा है। यह यात्रा केंद्र सरकार के “देखो अपना देश” और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत आयोजित की जा रही है। इस संबंध में आईआरसीटीसी अधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।

11 रात और 12 दिन की होगी यात्रा

यह धार्मिक यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी। इस दौरान यात्रियों को कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में उज्जैन के महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, सोमनाथ, द्वारकाधीश मंदिर और नागेश्वर, शिरडी साईं मंदिर, नासिक के त्र्यंबकेश्वर तथा औरंगाबाद के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: बस से उतरते ही महिला की मौत, चतरा में हादसे के बाद सड़क जाम

अलग-अलग श्रेणी में तय किराया

यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग श्रेणियों में शुल्क निर्धारित किया गया है—

  • इकोनॉमी क्लास: 23,315 रुपये
  • स्टैंडर्ड क्लास: 41,570 रुपये
  • कम्फर्ट क्लास: 50,410 रुपये

इस शुल्क में ट्रेन यात्रा, भोजन, ठहरने और स्थानीय भ्रमण की सुविधाएं शामिल रहेंगी। यात्रियों को अलग से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।

11 मई को झारसुगुड़ा से रवाना होगी ट्रेन

भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन 11 मई को झारसुगुड़ा से रवाना होगी। यह ट्रेन राउरकेला, रांची, मूरी, बोकारो, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, राजगीर, बिहार शरीफ, पटना और बक्सर होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक जाएगी। इससे झारखंड और बिहार के यात्रियों को अपने नजदीकी स्टेशन से ट्रेन पकड़ने की सुविधा मिलेगी। यात्रियों के लिए एसी और नॉन एसी दोनों प्रकार के कोच उपलब्ध रहेंगे। साथ ही ट्रेन से उतरने के बाद धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने के लिए भी एसी और नॉन एसी वाहनों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यात्रा आरामदायक हो सके।

ग्रुप बुकिंग पर विशेष छूट

यदि 10 या उससे अधिक लोग एक साथ बुकिंग कराते हैं, तो प्रति व्यक्ति 750 रुपये की छूट दी जाएगी। इससे परिवार या समूह में यात्रा करना और किफायती हो जाएगा। इस यात्रा के लिए कुल 600 यात्रियों की बुकिंग की जाएगी। 25 अप्रैल तक करीब 340 लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि सीमित सीटों के कारण इच्छुक यात्री जल्द बुकिंग कराएं। यात्री आईआरसीटीसी के टोल फ्री नंबर 8595937711 पर संपर्क कर इस धार्मिक यात्रा के लिए बुकिंग करा सकते हैं। कम खर्च में ज्योतिर्लिंग और शिरडी साईं बाबा के दर्शन का यह अवसर श्रद्धालुओं के लिए खास माना जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें