Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :झारखंड के चतरा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बस से उतरते समय संतुलन बिगड़ने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जानकारी के मुताबिक, घटना चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर सीमा गांव के पास हुई। 32 वर्षीय रीता देवी बस से अपने गांव लौट रही थीं। जैसे ही वह बस से उतरने लगीं, उनका संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी, जिससे वह गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ें :कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई JET 2026 परीक्षा, 1.75 लाख अभ्यर्थी शामिल
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चतरा-सिमरिया मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा, बच्चों के पालन-पोषण और शिक्षा की व्यवस्था की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस-प्रशासन मौके पर, समझाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया
रीता देवी अपने पीछे पांच छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें दो बेटे और तीन बेटियां शामिल हैं। उनके पति की पहले ही मौत हो चुकी थी, ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को बेसहारा बना दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण हुई इस घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Reporter | Samachar Post