31 साल बाद गिरफ्तारी: अपहरण-हत्या का दोषी ‘एक्स मुस्लिम’ बनकर यूट्यूब पर था सक्रिय

Meenu | April 25, 2026 | 01:42 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची :करीब तीन दशक पुराने सनसनीखेज अपहरण और हत्या मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। 31 साल से फरार चल रहे दोषी को गाजियाबाद के लोनी इलाके से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताकर सक्रिय था और यूट्यूब पर वीडियो बनाकर चर्चा में रहता था।

यह भी पढ़ें :बोकारो में सनसनी: जमनिया नदी में बोरे में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका

1995 के अपहरण-हत्या मामले से जुड़ा आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलीम खान के रूप में हुई है, जिसे 1995 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे संदीप बंसल के अपहरण और हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। अपहरण के बाद 30 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी और बच्चे की हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सलीम खान पर शक हुआ, जो उस समय बच्चे के स्कूल में मार्शल आर्ट्स सिखाता था। सख्त पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया था और उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद हुआ था। 1997 में अदालत ने सलीम खान और उसके साथी अनिल को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

जमानत पर फरार, पहचान बदलकर छिपता रहा

साल 2000 में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद सलीम फरार हो गया और कभी वापस नहीं लौटा। 2011 में कोर्ट ने उसकी सजा बरकरार रखी, लेकिन तब तक वह अपनी पहचान बदल चुका था। उसने खुद को मृत घोषित करने की भी कोशिश की और नाम बदलकर अलग-अलग राज्यों में छिपकर रहने लगा।

सोशल मीडिया का सहारा लेकर बचता रहा

फरारी के दौरान आरोपी ने ‘एक्स मुस्लिम’ के नाम से सोशल मीडिया और यूट्यूब पर वीडियो बनाना शुरू किया, ताकि वह लोगों के बीच सामान्य पहचान बना सके और शक से बचा रहे। गाजियाबाद के लोनी में वह कपड़ों का कारोबार कर सामान्य जीवन जी रहा था।

तकनीकी जांच से पकड़ में आया आरोपी

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पुराने रिकॉर्ड, फिंगरप्रिंट और तस्वीरों का मिलान कर आरोपी की पहचान पक्की की। इसके बाद उसकी लोकेशन ट्रैक कर विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फरारी के दौरान आरोपी की मदद किसने की। करीब 31 साल पुराने इस मामले में गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें