Samachar Post रिपोर्टर, रांची :भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे झारखंड के लोगों को अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में 25 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा और अगले पांच दिनों तक कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है।
भीषण गर्मी से बेहाल रहा झारखंड
पिछले कुछ दिनों से झारखंड के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ था। पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया। बोकारो में पारा 43.5 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि जमशेदपुर में तापमान 41 डिग्री के पार रहा। राजधानी रांची में भी लोगों को करीब 40 डिग्री तापमान का सामना करना पड़ा, जिससे जनजीवन पर असर साफ दिखा।
25 अप्रैल से बदलेगा मौसम का रुख
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 25 अप्रैल से राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य इलाकों में बादल छाने शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने 26 से 28 अप्रैल के बीच संताल परगना और मध्य झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी चलने की संभावना है। कई जगहों पर तेज झोंकों के साथ मौसम अचानक खराब हो सकता है।
29 और 30 अप्रैल को पूरे राज्य में असर
29 और 30 अप्रैल को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश हो सकती है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर आंधी और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। मौसम में बदलाव से जहां तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिलेगी, वहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
Reporter | Samachar Post