Samachar Post रिपोर्टर, देवघर: देवघर आने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब हावड़ा और रांची से देवघर पहुंचने के लिए यात्रियों को जसीडीह जंक्शन होकर जाने की जरूरत नहीं होगी। रेलवे द्वारा बनाए जा रहे बाईपास के पूरा होने के बाद यात्रा पहले से ज्यादा तेज और आसान हो जाएगी। देवघर, जिसे संताल परगना का प्रवेश द्वार माना जाता है और जहां बाबा बैद्यनाथ धाम स्थित है, हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। अब तक यात्रियों को जसीडीह स्टेशन पर उतरकर सड़क मार्ग से देवघर जाना पड़ता था, लेकिन नई व्यवस्था से यह प्रक्रिया बदल जाएगी।
बाईपास से सीधे जुड़ेगा रेल रूट
रेलवे द्वारा जसीडीह और मधुपुर के बीच बाईपास लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद ट्रेनें देवघर स्टेशन से सीधे रोहिणी, शंकरपुर और मथुरापुर होते हुए मधुपुर तक जाएंगी। इससे ट्रेनों को जसीडीह पर इंजन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और करीब एक घंटे का समय बचेगा। इस परियोजना से जसीडीह स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और नए रूट पर ट्रेनों के संचालन की संभावना बढ़ेगी। रेलवे का कहना है कि इससे पूरे नेटवर्क की कार्यक्षमता में सुधार होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: SAIL में प्रमोशन की राह खुली, 7000 कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
तेजी से चल रहा निर्माण कार्य
यह परियोजना प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत तेजी से आगे बढ़ रही है। रेलवे ने बाईपास लाइन का काम सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही देवघर स्टेशन के आगे लिंक केबिन का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे ट्रेनों का संचालन और सुचारू हो सके। नई व्यवस्था लागू होने के बाद देवघर जाने वाले यात्रियों को समय की बचत होगी और यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।