Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और धनबाद जिलों के सदर अस्पतालों को अपग्रेड कर मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर करीब 1249 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत निर्माण के साथ-साथ अगले पांच वर्षों तक संचालन और रखरखाव पर भी खर्च किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और निजी भागीदारों की संयुक्त भागीदारी तय की गई है। तकनीकी सहयोग के लिए एक एजेंसी को सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है।
चार जिलों के लिए अलग-अलग बजट तय
सरकार ने चारों जिलों के लिए अलग-अलग बजट निर्धारित किया है। गिरिडीह में 428 करोड़ रुपये, जामताड़ा में 352 करोड़ रुपये, धनबाद में 352 करोड़ रुपये और खूंटी में 117 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज विकसित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के जरिए जिला अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सके।
यह भी पढ़ें: पंचायतों को मिला सम्मान, सीएम हेमंत सोरेन बोले-‘गांव मजबूत तो झारखंड मजबूत’
केंद्र-राज्य की साझेदारी से होगा निर्माण
योजना में केंद्र और राज्य सरकार की साझेदारी तय की गई है। गिरिडीह और जामताड़ा में केंद्र सरकार करीब 40 प्रतिशत और राज्य सरकार 20 प्रतिशत तक सहयोग करेगी। धनबाद मेडिकल कॉलेज के लिए केंद्र और राज्य दोनों 30-30 प्रतिशत खर्च वहन करेंगे, जबकि खूंटी परियोजना में दोनों सरकारों की हिस्सेदारी अधिक रखी गई है।
चार से पांच वर्षों में तैयार होंगे कॉलेज
सरकारी योजना के अनुसार खूंटी मेडिकल कॉलेज चार वर्षों में पूरा होगा, जबकि धनबाद, जामताड़ा और गिरिडीह के मेडिकल कॉलेज पांच वर्षों में तैयार किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने टेंडर और फंडिंग प्रक्रिया के लिए अलग-अलग समितियों का गठन भी कर दिया है। इस योजना से राज्य में डॉक्टरों की कमी दूर होने और खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।