Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग जिले के पदमा ओपी थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर इटखोरी मोड़ के पास दो मालवाहक ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के इंजन से चिंगारी निकली और कुछ ही सेकंड में आग फैल गई। देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों में घिर गए।
यह भी पढ़ें :रांची के बयासी बॉयज हॉस्टल में चोरी, लैपटॉप-स्मार्टफोन लेकर फरार; CCTV में कैद वारदात
एक ट्रक में कोल्ड ड्रिंक, दूसरे में स्पंज
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक में कोल्ड ड्रिंक लदा था, जबकि दूसरे ट्रक में स्पंज भरा हुआ था। आग लगने के बाद कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
दमकल की टीम ने पाया काबू
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बरही से दमकल विभाग को बुलाया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह से कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहत की बात यह रही कि दोनों ट्रकों के चालक और सह-चालक समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को हटाया और वन-वे कर यातायात बहाल किया गया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
Reporter | Samachar Post