Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग पुलिस इन दिनों सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रही है। नए एसपी अमन कुमार के पदभार संभालते ही अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया है। 21 और 22 अप्रैल की रात चलाए गए विशेष अभियान में पूरे जिले में एक साथ छापेमारी की गई।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में भीषण सड़क हादसा: तिलक समारोह से लौट रहे दो दोस्तों की मौत
50 टीमों ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर कुल 50 टीमों का गठन किया गया, जिसमें 209 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। इन टीमों ने जिले के 122 स्थानों पर छापेमारी कर अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान 69 मनचले युवकों को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें PR बॉन्ड पर सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह की गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
57 अपराधी गिरफ्तार, कई मामलों का निपटारा
इस विशेष अभियान में पुलिस ने 57 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा वारंट, रिकॉल, जमानत और आत्मसमर्पण से जुड़े 118 मामलों का निष्पादन किया गया। वहीं, 11 मामलों में इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई भी पूरी की गई।
पुलिस की अपील
एसपी अमन कुमार ने कहा कि जिले में अपराध और अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि अपने आसपास छिपे अपराधियों या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Reporter | Samachar Post