रांची में ट्रैफिक सुधार की बड़ी योजना: अतिक्रमण हटेगा, लेफ्ट टर्न फ्री होगा, जाम से मिलेगी राहत

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित यातायात को सुधारने के लिए प्रशासन ने बड़ी योजना तैयार की है। नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में ट्रैफिक पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों ने शहर की ट्रैफिक समस्या पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग रोकने और ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

पीक ऑवर जाम और अवैध पार्किंग बनी बड़ी समस्या

बैठक में पीक ऑवर के दौरान लगने वाले जाम, ऑटो और ई-रिक्शा की अनियमित आवाजाही, सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को मुख्य कारण माना गया। अधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के बिना ट्रैफिक व्यवस्था सुधरना मुश्किल है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि रांची को जाम से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए लॉन्ग टर्म प्लान तैयार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: झारखंड में 2532 पारा मेडिकल पदों की बहाली रद्द, स्वास्थ्य सेवाओं पर असर

लेफ्ट टर्न फ्री, सिग्नल दुरुस्त करने के निर्देश

प्रमुख चौक-चौराहों पर लेफ्ट टर्न को फ्री रखने का निर्णय लिया गया, ताकि ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। साथ ही खराब ट्रैफिक सिग्नलों को जल्द ठीक करने और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मेन रोड, कचहरी रोड, स्टेशन रोड, हरमू बाइपास, रातू रोड और सर्कुलर रोड पर लगातार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा।

नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन पर सख्ती

प्रशासन ने नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन के नियमों को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। बिना अनुमति पार्किंग, अवैध वसूली और सड़क किनारे गुमटी-ठेला लगाने वालों पर कार्रवाई होगी। पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ निर्माण, क्षतिग्रस्त डिवाइडर ग्रिल की मरम्मत और सड़क सुरक्षा उपायों को भी तेज करने का निर्णय लिया गया।

संयुक्त निरीक्षण से बनेगी आगे की रणनीति

23 अप्रैल 2026 को संयुक्त टीम कचहरी चौक से रातू रोड और न्यू मार्केट क्षेत्र का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के आधार पर जाम के कारणों की पहचान कर ठोस समाधान तैयार किया जाएगा। नगर आयुक्त ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क किनारे अनावश्यक पार्किंग से बचने की अपील की है।

Share this news

संबंधित खबरें