Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कुम्हारपाड़ा में 40 वर्षीय महिला रूपा देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई, जब उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें :एशियन चैंपियनशिप में झारखंड का डंका, स्वर्ण पदक विजेताओं ने DC से की मुलाकात
सुसाइड नोट में लिखा- “निःसंतान होने का दुख”
मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कथित तौर पर लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है और निःसंतान होने का दुख उन्हें अंदर से तोड़ रहा था। हालांकि पुलिस नोट की सत्यता की जांच कर रही है, जिसमें हैंडराइटिंग मिलान भी शामिल है।
मानसिक तनाव में थीं महिला
परिजनों के अनुसार, रूपा देवी की शादी वर्ष 2003 में हुई थी, लेकिन उन्हें संतान नहीं थी। इसी कारण वे लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं। खुद को व्यस्त रखने के लिए वे सोनारी बाजार में कपड़ों की दुकान चलाती थीं, लेकिन अंदर ही अंदर अकेलेपन से जूझ रही थीं। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस दुखद घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है।
जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post