Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड की राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 299 नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 62 बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) और 237 महिला पर्यवेक्षक शामिल हैं।
यह भी पढ़ें :“नेताओं के कमरे से शुरू होता है करियर”: पप्पू यादव के बयान पर महिला आयोग का नोटिस
“काम की होगी नियमित रैंकिंग”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए नियमित रैंकिंग सिस्टम लागू किया जाएगा। CDPO, महिला पर्यवेक्षक और आंगनबाड़ी सेविकाओं के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। सीएम ने कहा कि राज्य गठन के बाद लंबे इंतजार के बाद CDPO की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो पाई है। उन्होंने बताया कि इस भर्ती में लगभग 50% महिलाएं सफल हुई हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समाज में संवेदनशीलता पर जताई चिंता
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाज में बढ़ती संवेदनहीनता पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज लोग अपने आसपास की घटनाओं से भी अनजान रहते हैं, जो समाज के लिए चिंताजनक संकेत है। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और सुनिश्चित करें कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। खासकर महिलाओं की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ काम करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों की भूमिका अहम
सीएम ने कहा कि गांव से लेकर शहर तक योजनाओं को लागू करने में इन अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी से एक मजबूत कड़ी बनकर काम करने और समाज को जोड़ने का आह्वान किया।
Reporter | Samachar Post