Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : चितरपुर जंगल में 15 से 17 हाथियों का बड़ा झुंड पहुंचने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। हाथियों की मौजूदगी से चितरपुर, इंदरवा, लोकाई और झरीटांड़ सहित कई गांवों के लोग सतर्क हो गए हैं। ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड पहले ताराघाटी के पास ललकापानी जंगल में देखा गया था। वहीं से यह चितरपुर जंगल तक पहुंचा है। इससे पहले सतगावां के भदाली गांव में हाथियों के हमले की घटना भी सामने आ चुकी है।
वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
वन्य प्राणी प्रक्षेत्र पदाधिकारी रामबाबू कुमार ने बताया कि झुंड पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि दिन में हाथी आराम करते हैं और शाम होते ही उनका मूवमेंट बढ़ जाता है, इसलिए ग्रामीणों को खास सतर्क रहने की जरूरत है। वन विभाग की ओर से प्रभावित गांवों में मुखिया के माध्यम से अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और समूह में रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: टेंडर घोटाला केस: इंजीनियर अशोक कुमार गुप्ता ने ED कोर्ट में किया सरेंडर, जमानत मिली
QRT टीम की तैनाती की तैयारी
वन विभाग ने बताया कि हजारीबाग से क्यूआरटी टीम को बुलाया जा रहा है, ताकि हाथियों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजा जा सके। विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।