Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकारी स्कूल की जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे के प्रयास को विफल कर दिया। समाहरणालय के पास स्थित इस जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार अपनी टीम के साथ महज 10 मिनट में मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की अचानक मौजूदगी से वहां काम कर रहे मजदूर और मिस्त्री भाग खड़े हुए। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि करीब तीन फीट ऊंची कच्ची बाउंड्री वॉल तैयार की जा चुकी थी। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी निर्माण कराने वाले का नाम बताने की हिम्मत नहीं दिखाई। स्थिति को गंभीर देखते हुए एसडीएम ने तत्काल अवैध निर्माण को ध्वस्त करने का आदेश दे दिया।
यह भी पढ़ें :रिम्स डेंटल छात्रा रेप केस: आज SSP कार्यालय का घेराव करेगी BJP
निर्माण सामग्री जब्त करने के निर्देश
एसडीएम ने सफी आलम को मौके पर मौजूद ईंट, सीमेंट और बालू जैसी निर्माण सामग्री जब्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय मुखिया को भी क्षेत्र पर नजर रखने और जानकारी जुटाने को कहा गया है। यह पहली बार नहीं है जब इस जमीन पर कब्जे की कोशिश हुई हो। पिछले साल भी इसी स्थान पर अवैध निर्माण का प्रयास किया गया था, जिसे प्रशासन ने समय रहते रोक दिया था।
अतिक्रमण पर सख्त रुख
एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखने और तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Reporter | Samachar Post