Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सदर अस्पताल में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब नगर पंचायत अध्यक्ष मरीजों का हाल जानने पहुंचे और डॉक्टर से उनकी बहस हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, गुड़ियाडीह के दो युवक सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती थे। उनका हाल जानने पहुंचे नप अध्यक्ष मनोज चौधरी की डॉक्टर चंदन से इलाज व्यवस्था को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बहस तेज हो गई और माहौल गरमा गया।
यह भी पढ़ें :रजरप्पा मंदिर दुकानदारों के पुनर्वास की मांग तेज, विहिप ने प्रशासन से की कार्रवाई की अपील
समर्थकों के साथ धरने पर बैठे अध्यक्ष
विवाद बढ़ने के बाद मनोज चौधरी अपने समर्थकों के साथ अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी मिलते ही अभिनव प्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में दोनों पक्षों ने इस विवाद को आपसी संवाद की कमी का परिणाम बताया।
इमरजेंसी वार्ड में बढ़ेगी सुरक्षा
एसडीओ ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में होमगार्ड जवानों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना और डॉक्टरों को बिना बाधा मरीजों का इलाज करने का माहौल देना है।
सड़क हादसे में घायल हुए थे युवक
बताया जा रहा है कि गुड़ियाडीह के दो युवक खरसावां में सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान नप अध्यक्ष उनके हाल-चाल जानने पहुंचे थे, जहां यह विवाद हुआ।
Reporter | Samachar Post