Samachar Post रिपोर्टर, रांची: प्रताप नारायण गोप, जमशेदपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन से जुड़े प्रमुख विधि विशेषज्ञ, का शनिवार सुबह निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। इलाज के दौरान बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार रविवार पूर्वाह्न 11 बजे बिष्टुपुर सर्किट हाउस क्षेत्र स्थित बेलडीह कब्रिस्तान में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है।
57 वर्षों तक की वकालत, लोक अभियोजक भी रहे
वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने बताया कि प्रताप नारायण गोप ने करीब 57 वर्षों तक वकालत की। वे फौजदारी और दीवानी दोनों मामलों के अनुभवी अधिवक्ता थे। उन्होंने लगभग 13 वर्षों तक लोक अभियोजक के रूप में भी सेवाएं दीं और अपने सरल स्वभाव व व्यवहार के कारण अधिवक्ताओं के बीच विशेष पहचान बनाई।
यह भी पढ़ें: रांची में LPG संकट गहराया: 57 हजार बुकिंग लंबित, सिलेंडर के लिए 30 दिन तक इंतजार
सामाजिक कार्यों में भी रहे सक्रिय
प्रताप नारायण गोप सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे। बिरसा सेवा दल समेत कई संस्थाओं से जुड़कर उन्होंने अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए काम किया। उनके परिवार में बहू और पौत्र हैं। पत्नी और दोनों पुत्रों का पहले ही निधन हो चुका है।
अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन पर राजेश कुमार शुक्ल, आर नाथ दास और राजेश रंजन समेत कई अधिवक्ताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया और उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।