Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह से शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वाहनों की जांच की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में कुल 153 वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 24 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 7,64,154 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जांच के दौरान टैक्स बकाया, फिटनेस प्रमाणपत्र की कमी, बीमा नहीं होना, प्रदूषण प्रमाणपत्र का अभाव, बिना परमिट वाहन संचालन और ओवरलोडिंग जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इन सभी मामलों में संबंधित वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया।
यह भी पढ़ें :पलामू में कुएं से अधेड़ महिला का शव बरामद, तिलक समारोह से लौटते वक्त हुई घटना
छात्रों ने ली सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। किस्टो बेसरा और डीटीओ ने एदलहातू स्थित एक विद्यालय में छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्रों को हेलमेट पहनने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी ली।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Reporter | Samachar Post