Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची में बहुचर्चित टेंडर कमीशन घोटाले में अहम मोड़ आया है। इस मामले के आरोपी रिटायर्ड एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राजकुमार टोप्पो ने गुरुवार को पीएमएलए की विशेष अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत में समर्पण के बाद सुनवाई हुई, जिसमें राजकुमार टोप्पो को एक लाख रुपये के व्यक्तिगत मुचलके पर सशर्त जमानत दे दी गई।
यह भी पढ़ें :परिसीमन पर INDIA गठबंधन एकजुट, महिला आरक्षण तुरंत लागू करने की मांग
बड़े भ्रष्टाचार मामले से जुड़ा है केस
यह मामला ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़े बड़े भ्रष्टाचार से संबंधित है, जिसमें टेंडर आवंटन के बदले ठेकेदारों से कमीशन लेने का आरोप है। इस केस में टोप्पो चार्जशीटेड आरोपी हैं।
अब तक छह आरोपी कर चुके हैं सरेंडर, जांच का दायरा बढ़ा
इस घोटाले में अब तक कुल छह आरोपी अदालत में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। जांच एजेंसी लगातार इस नेटवर्क की परतें खोल रही है। प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए हाल ही में 14 अन्य इंजीनियरों और अधिकारियों को भी अतिरिक्त आरोपी बनाया है। इससे इस घोटाले की गहराई और व्यापकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस मामले की कड़ियां राज्य के प्रभावशाली लोगों तक जुड़ी बताई जा रही हैं। इससे पहले आलमगीर आलम और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी में बड़ी मात्रा में नकदी और लग्जरी वाहन जब्त किए जा चुके हैं।
जांच को मिलेगी नई दिशा
राजकुमार टोप्पो का सरेंडर इस मामले की जांच को नई गति देने वाला माना जा रहा है। जांच एजेंसी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है, जिससे आने वाले समय में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post