Samachar Post डेस्क,रांची :नई दिल्ली में संसद के विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इंडिया गठबंधन ने महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने का समर्थन किया है, जबकि परिसीमन विधेयक का विरोध करने का फैसला लिया है।
यह भी पढ़ें :सारंडा में आईईडी ब्लास्ट, कोबरा जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा
खरगे की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक
बुधवार को मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में उनके आवास पर गठबंधन की बैठक हुई। इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत 19 दलों के नेता शामिल हुए और साझा रणनीति पर चर्चा की गई।
महिला आरक्षण का समर्थन, लेकिन शर्तों के साथ
बैठक के बाद खरगे ने कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन जिस स्वरूप में विधेयक लाया गया है, उस पर आपत्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इसे राजनीतिक उद्देश्य से पेश कर रही है।
2029 से लागू करने का सुझाव
जयराम रमेश ने कहा कि महिला आरक्षण को मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के आधार पर लागू किया जाना चाहिए और इसे 2029 के आम चुनाव से प्रभावी किया जाए। उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई। विपक्ष का मानना है कि परिसीमन से दक्षिण भारत, उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर राज्यों के प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से गठबंधन ने इस विधेयक का विरोध करने का निर्णय लिया है।
संसद में टकराव के आसार
इंडिया गठबंधन के इस रुख के बाद संसद में पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने की संभावना है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बहस और गरमाने के संकेत हैं।
Reporter | Samachar Post