Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची में झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स की बिजनेस एक्सचेंज मीटिंग में व्यापारियों के लिए एक नई पहल ‘पधारो हमारे प्रतिष्ठान’ लॉन्च की गई है। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय व्यापार को मजबूत करना और व्यापारियों के बीच सहयोग को बढ़ाना है।
कैसे काम करेगी योजना?
इस योजना के तहत चेंबर के सदस्य एक-दूसरे के प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगे, अपने प्रोडक्ट्स और सेवाओं को प्रस्तुत करेंगे और विशेष छूट के साथ नए बिजनेस अवसरों की खोज करेंगे। उपाध्यक्ष राम बांगड़ के अनुसार, जोनल आरवीपी के जरिए इस बिजनेस नेटवर्क को पूरे झारखंड में फैलाया जाएगा। पहले चरण में अरगोड़ा चौक स्थित रोहतगी होम बाजार ने इस पहल में शामिल होने की सहमति दे दी है। चेंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि यह योजना केवल औपचारिक मुलाकात तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य व्यापारियों के बीच वास्तविक लेन-देन को बढ़ावा देना है। इससे व्यापारिक नेटवर्क मजबूत होगा और बाजार में विश्वास बढ़ेगा।
लोकल व्यापार को मिलेगा बूस्ट
उप समिति के चेयरमैन अमित मिश्रा ने बताया कि ‘लोकल से वोकल’ को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की पहल जरूरी है। आने वाले समय में इस योजना को बड़े स्तर पर लागू करने की तैयारी है, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी इसका लाभ उठा सकें। बैठक में रोहित कुमार, रमेश कुमार साहू, डॉ. प्रदीप कुमार, शिवाक्ष रोहतगी, रवि रोहतगी, आलोक सिंह, आस्था किरण और सुबोध चौधरी सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।
Reporter | Samachar Post