Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्य में सामने आए ट्रेजरी घोटाले और उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार दोनों मामलों को गंभीरता से ले रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। वित्त मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 30 से 40 करोड़ रुपये तक के ट्रेजरी घोटाले सामने आ चुके हैं, जिनमें बोकारो और हजारीबाग के मामले प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर चर्चा हो चुकी है और अब राज्य के सभी 24 जिलों के 33 ट्रेजरी की जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें :बोकारो SP को हटाने की मांग तेज, 28 पुलिसकर्मियों के निलंबन पर भड़का पुलिस एसोसिएशन
संपत्ति जब्ती और रिकवरी की तैयारी
मंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान दोषी पाए जाने वाले लोगों की चल-अचल संपत्ति जब्त की जाएगी। सरकार का उद्देश्य घोटाले की पूरी राशि को वापस ट्रेजरी में जमा कराना है, ताकि सार्वजनिक धन की भरपाई हो सके। राधाकृष्ण किशोर ने संकेत दिया कि यह घोटाला पिछले 26 वर्षों में फैला हुआ है, इसलिए इसकी व्यापक जांच की जाएगी। सरकार हर स्तर पर जांच कर पूरे नेटवर्क को उजागर करने की तैयारी में है।
पेपर लीक मामले पर भी कड़ा रुख
उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले पर मंत्री ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है और यह उनके विभाग से सीधे जुड़ा नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि इस मामले में भी सख्त और पारदर्शी जांच जरूरी है, ताकि युवाओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो।
सरकार का संदेश: दोषियों की खैर नहीं
मंत्री के बयान से साफ है कि सरकार दोनों मामलों में कड़ी कार्रवाई के मूड में है। आने वाले दिनों में जांच तेज होने के साथ कई बड़े खुलासे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post