चतरा में 13 वर्षीय छात्र लापता: ट्यूशन से लौटते वक्त गायब हुआ इंद्रजीत, 5 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं

Meenu | April 13, 2026 | 11:34 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र से एक 13 वर्षीय छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। ट्यूशन से घर लौटते समय इंद्रजीत कुमार अचानक गायब हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, खजूरिया गांव निवासी इंद्रजीत कुमार 8 अप्रैल को जजलों बाजार स्थित ट्यूशन पढ़ने गया था। ट्यूशन खत्म होने के बाद वह घर के लिए निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। तभी से वह लापता है और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

यह भी पढ़ें :रांची में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: जीजा-साली के शव पेड़ से लटके मिले

परिजनों की बढ़ी चिंता

परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भी तलाश की गई, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। कई दिनों से बेटे के लापता होने से परिवार में बेचैनी और डर का माहौल है। आखिरकार इंद्रजीत के पिता संजय कुमार ने हंटरगंज थाना में आवेदन देकर पुलिस से बेटे को खोजने की गुहार लगाई है। परिजन बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

Share this news

संबंधित खबरें