Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: जिले के बेंगाबाद थाना में एक सिपाही के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी गौतम कुमार जामताड़ा जिले के साइबर थाना में पदस्थापित बताया गया है। प्राथमिकी चपुआडीह पंचायत निवासी महाराज यादव के आवेदन पर दर्ज की गई है। इसकी पुष्टि थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने की है।
सस्ते में गाड़ी दिलाने का दिया झांसा
पीड़ित के अनुसार, सिपाही गौतम कुमार से उसकी पहले से पहचान थी। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उसे और अन्य लोगों को सस्ते में जब्त चारपहिया वाहन दिलाने का लालच दिया। उसने भरोसा दिलाया कि थाना में जब्त गाड़ियों की नीलामी में कम कीमत पर वाहन दिलवा देगा। विश्वास बढ़ाने के लिए उसने कुछ जब्त वाहन भी दिखाए।
यह भी पढ़ें: चाईबासा में बड़ी चोरी: दो मोबाइल दुकानों से 30 लाख की चोरी
एडवांस के नाम पर लाखों की वसूली
लोग आरोपी के झांसे में आ गए और वाहन लेने के लिए एडवांस के तौर पर मोटी रकम दे दी। पैसे लेने के बाद आरोपी हर बार नीलामी प्रक्रिया टलने की बात कहकर टालता रहा। करीब एक साल बीत जाने के बाद भी न तो गाड़ी मिली और न ही पैसे वापस किए गए।
आठ लोग बने शिकार, 39.60 लाख की ठगी
एफआईआर के मुताबिक करीब आठ लोग ठगी के शिकार हुए हैं। कुल 39 लाख 60 हजार 500 रुपये की ठगी की बात सामने आई है। पीड़ितों में जमुआ के नावाडीह निवासी मो. रजाउद्दीन मिर्जा, हरिला के मनोज कुमार यादव और चपुआडीह मुंडहरि के अरुण कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं।
जांच शुरू, कार्रवाई की तैयारी
बेंगाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी जामताड़ा में सिपाही के पद पर तैनात है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।