धुर्वा सब स्टेशन में गोली के साथ मिला PLFI के नाम का लिफाफा, जांच में जुटी पुलिस

Rupa Kumari | April 9, 2026 | 02:37 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित बिजली सब स्टेशन में गुरुवार सुबह संदिग्ध लिफाफा मिलने से हड़कंप मच गया। लिफाफे के साथ 315 बोर की गोली धागे से बंधी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लिफाफा व कारतूस को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

लिफाफे पर लिखा था PLFI

पुलिस के अनुसार लिफाफे पर काले अक्षरों में उग्रवादी संगठन PLFI का नाम लिखा हुआ था। इसके साथ लाल रंग से “लाल सलाम” और “जरूरी सूचना” भी अंकित था। बारिश में भीग जाने के कारण लिफाफा तुरंत नहीं खोला जा सका। बाद में सूखने पर खोले जाने पर अंदर कोई धमकी भरा पत्र नहीं मिला, बल्कि केवल एक व्यक्ति का नाम लिखा हुआ पाया गया।

यह भी पढ़ें: हटिया स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 16.9 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

नाम के आधार पर पूछताछ

लिफाफे में लिखे नाम के आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया है। वह पास के इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि उसने इस पूरे मामले से खुद को अलग बताया है। पुलिस उसके बयान की जांच कर रही है। हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने कहा कि शुरुआती जांच में मामला किसी को फंसाने की कोशिश जैसा लग रहा है। लिफाफे में कोई सीधी धमकी नहीं मिली है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं मामला बिजली बिल या किसी निजी विवाद से जुड़ा तो नहीं है।

सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद सब स्टेशन परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि लिफाफा वहां किसने और क्यों रखा।

Share this news

संबंधित खबरें