Samachar Post डेस्क, रांची: मुंबई से एक दिल छू लेने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए स्टेशन पर ही गर्भवती महिला की सुरक्षित डिलीवरी करवाई। यह पूरी घटना देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में सफर के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उसी ट्रेन में यात्रा कर रहे विकास बेद्रे नामक युवक ने स्थिति गंभीर देख तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई। ट्रेन जब राम मंदिर स्टेशन पर रुकी, तब वहां न डॉक्टर मौजूद था और न ही एंबुलेंस।
वीडियो कॉल पर डॉक्टर ने दिया मार्गदर्शन
ऐसे में विकास ने अपनी दोस्त डॉ. देविका देशमुख को फोन किया। डॉक्टर ने वीडियो कॉल पर महिला की स्थिति समझी और वहीं से डिलीवरी के लिए जरूरी निर्देश देने शुरू किए। विकास ने घबराहट के बावजूद डॉक्टर के बताए हर स्टेप को फॉलो किया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। मां और नवजात दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: थाने से छूटते ही सड़क पर शादी, गढ़वा में होटल से पकड़े गए कपल ने रचाया ब्याह
‘3 इडियट्स’ के सीन जैसी घटना
यह घटना काफी हद तक 3 इडियट्स के उस मशहूर दृश्य की याद दिलाती है, जिसमें ‘रैंचो’ वीडियो कॉल पर निर्देश लेकर डिलीवरी कराता है। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार यह सब असल जिंदगी में हुआ। युवक की सूझबूझ और हिम्मत की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। लोग इसे मानवता और साहस का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।