Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : सिसई थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 12वीं कक्षा की छात्रा के कथित अपहरण और यौन हिंसा का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के करीब 6 से 7 घंटे के भीतर छात्रा को अरंगी जंगल से बरामद कर लिया। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 3 बजे छात्रा साइकिल से स्कूल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बोलेरो सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर उसे जबरन अपने साथ ले लिया। छात्रा के पीछे से आ रही दो अन्य छात्राओं को रास्ते में उसकी साइकिल और स्कूल बैग मिला। दोनों ने इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार ने उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी।
मां की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा की मां ने सिसई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने छात्रा की तलाश के लिए कार्रवाई शुरू की। मंगलवार रात पुलिस टीम ने अरंगी जंगल में तलाशी अभियान चलाकर छात्रा को बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से बिरिया उरांव को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसके द्वारा अन्य साथियों के नाम बताए जाने की जानकारी पुलिस ने दी। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पांच आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो जब्त
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में घाघरा थाना क्षेत्र के काचा पारा गांव निवासी बिरिया उरांव (18), मुन्ना उरांव (26), राजेश उरांव (22), बीरेंद्र उरांव (30) और अरंगी गांव निवासी आशीष लोहरा (20) शामिल हैं। घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई बोलेरो (जेएच 01 ए 25699) को भी पुलिस ने जब्त किया है।
यह भी पढ़ें : झारखंड में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, 15 जिलों में वज्रपात की चेतावनी
एकतरफा प्रेम की बात सामने आने का दावा
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे एकतरफा प्रेम का एंगल सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पर छात्रा के साथ यौन हिंसा किए जाने का भी आरोप बताया है। हालांकि, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा कि घटना की पूरी स्थिति मेडिकल जांच और छात्रा के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल छात्रा की सुरक्षा और मेडिकल जांच की प्रक्रिया के साथ आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्ष के आधार पर होगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।


