Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : रामगढ़ थाना क्षेत्र के हेसला गांव स्थित झारखंड इस्पात प्लांट में हुए भीषण हादसे में एक और मजदूर की मौत हो गई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है, जबकि चार मजदूर अब भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल बृजलाल बेदिया ने देवकमल अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले अशोक बेदिया और अखिल राय की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
फर्नेस फटने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि प्लांट में काम के दौरान अचानक फर्नेस फट गया, जिससे वहां मौजूद मजदूर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें:जहानाबाद में निजी स्कूल में मासूम छात्र की हत्या, चार लोगों को हिरासत में लिया
मुआवजे पर बनी सहमति
हादसे के बाद ग्रामीणों और मजदूरों ने मुआवजा व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। जिला प्रशासन, प्लांट प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता में 6 बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया। मृतकों के आश्रितों को 21 लाख रुपये मुआवजा, सभी घायलों का निःशुल्क और बेहतर इलाज, इलाज के दौरान मजदूरों को नियमित वेतन, सभी मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का लाभ मजदूरों के लिए ESIC सुविधा लागू, तीन महीने के भीतर प्लांट में प्रदूषण नियंत्रण किया जाएगा। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में प्लांट प्रबंधन की लापरवाही को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।