Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल SNMMCH में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। एक तरफ मरीजों को दवाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है, तो दूसरी ओर सफाई के नाम पर हर महीने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद अस्पताल की हालत कई सवाल खड़े कर रही है। अस्पताल के ICU और HDU वार्ड के पास स्थित शौचालय से पिछले लगभग एक साल से गंदा पानी और मल-मूत्र खुले में बह रहा है। पाइपलाइन कई जगहों से टूटी हुई है, जिससे गंदगी लगातार बाहर फैल रही है और मरीजों के लिए गंभीर खतरा बन रही है। मरम्मत कराने के बजाय सफाई एजेंसी ने गंदगी को छिपाने का तरीका अपनाया है। जिस जगह से गंदा पानी बह रहा है, उसे चारों तरफ से ढक दिया गया है, ताकि समस्या नजर न आए। हालांकि अंदर से गंदगी लगातार फैल रही है।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में बड़ा घोटाला: आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े पर दो अस्पतालों के खिलाफ FIR
संक्रमण का खतरा बढ़ा, पूरे अस्पताल की स्थिति खराब
ICU और HDU जैसे संवेदनशील वार्ड के पास इस तरह की गंदगी से मरीजों में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। इसी रास्ते से इमरजेंसी मरीजों को ले जाया जाता है, जहां उन्हें तेज दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। केवल ICU ही नहीं, बल्कि OPD, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग और मेडिसिन विभाग के शौचालयों की स्थिति भी खराब है। हालत यह है कि बिना मुंह ढंके इन शौचालयों में जाना मुश्किल हो जाता है, फिर भी मरीज और उनके परिजन मजबूरी में इनका इस्तेमाल कर रहे हैं।
लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों और मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल है, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। अस्पताल के वरीय प्रबंधक डॉ. सीएस सुमन ने कहा कि सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। जहां भी कमी पाई जाती है, उसे तुरंत सुधारने के निर्देश दिए जाते हैं और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Reporter | Samachar Post